बबुरी (चंदौली)। बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकंठपुर गांव में एक होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह घर के कमरे में उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।श्रीकंठपुर निवासी विजय बहादुर भारती (52) अलीनगर थाने में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार शाम ड्यूटी समाप्त कर घर लौटे थे। रात में भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। बुधवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनकी छोटी बेटी राधना उन्हें बुलाने पहुंची। कमरे के भीतर प्रवेश करते ही उसने देखा कि उसके पिता जमीन पर औंधे मुंह पड़े हैं और उनके शरीर से खून निकला हुआ है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और जोर-जोर से रोते हुए बाहर आ गई।उसकी आवाज सुनकर बहू अंजनी भी कमरे में पहुंची। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। अंजनी ने तुरंत अपने पति विकास को फोन कर घटना की सूचना दी। देखते ही देखते गांव के लोगों की भीड़ घर के बाहर जमा हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजन इस घटना को हत्या से जोड़कर देख रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

विजय बहादुर भारती अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। करीब 15 वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से उन्होंने अपने बेटे और तीन बेटियों की जिम्मेदारी अकेले निभाई। उनका पुत्र विकास वाराणसी में मजदूरी करता है, जबकि बड़ी बेटियां आराधना और साधना का विवाह हो चुका है। घटना के समय घर में छोटी बेटी राधना और बहू अंजनी ही मौजूद थीं। विजय बहादुर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है ।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *