(चंदौली)। बबुरी के बनौली गांव निवासी सुरेश बुधवार को गांव चंदौलीस्थित बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर युवक के चढ़ने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर बबुरी पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान भी पहुंच गए और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।

सुरेश इससे पहले बीते 30 मार्च और 30 मई को भी मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है। दोनों बार घंटों चले प्रयास के बाद उसे किसी तरह नीचे उतारा गया था। पहले दो बार उसने पत्नी से नाराजगी को लेकर टावर पर चढ़ने की बात कही थी। बुधवार को वह अपनी पांच वर्षीय पुत्री पूजा का आधार कार्ड नहीं बनने का आरोप लगाते हुए टावर पर चढ़ गया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने उसकी पत्नी ममता और पुत्री पूजा को मौके पर बुलाया। टावर के नीचे खड़ी पत्नी और मासूम बेटी सुरेश से नीचे उतरने की गुहार लगाती रहीं। इसके बावजूद वह टावर से बार-बार पैसे लेने के बावजूद बेटी का आधार कार्ड नहीं बनने का आरोप लगाता रहा। सुरेश ने कहा कि जब तक उसकी बेटी का आधार कार्ड नहीं बन जाता, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। पुलिसकर्मी और स्वजन लगातार उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। देर तक युवक टावर पर ही डटा रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम उसकी सुरक्षा को देखते हुए सावधानीपूर्वक उसे नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। चार घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस द्वारा बेटी का आधार कार्ड बनवाने का आश्वासन दिए जाने पर सुरेश टावर से नीचे उतर आया । नशे में धूत सुरेश को पुलिस ने समझा बुझाकर उसके स्वजन को सौंप दिया ।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *