चंदौली। गुरुवार को राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत की एक आवश्यक बैठक कस्बे में आयोजित की गई, जिसमें नगर इकाई के गठन और पदाधिकारियों के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने की।

             बैठक में सर्वसम्मति से नगर इकाई का गठन किया गया, जिसमें सत्य प्रकाश ‘सत्या’ को नगर अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा मुकेश कुमार जायसवाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अजीत जायसवाल को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सुशील जायसवाल को महामंत्री, प्रभात जायसवाल को कोषाध्यक्ष तथा श्री प्रकाश सोनिया को नगर प्रभारी का दायित्व सौंपा गया । इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी जिम्मेदारी होती है कि वे सटीक व निष्पक्ष खबरों के माध्यम से जनता को सही जानकारी दें। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उम्मीद जताई कि नगर इकाई पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को बनाए रखते हुए संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेगी। नव-निर्वाचित नगर अध्यक्ष सत्य प्रकाश ‘सत्या’ ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व और सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि मैं संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देना और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना मेरी प्राथमिकता होगी। इसी क्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार जायसवाल ने कहा, “पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, और इसे मजबूत बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। नगर इकाई सभी पत्रकारों के सहयोग और समर्पण से कार्य करेगी और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संगठन हर पत्रकार के साथ खड़ा रहेगा।” कनिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत जायसवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा, “पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। हमारी कोशिश होगी कि हम अपनी रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज के मुद्दों को उजागर करें और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।” महामंत्री सुशील जायसवाल ने कहा, “संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एकजुट करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। नगर इकाई को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए हम पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।” कोषाध्यक्ष प्रभात जायसवाल ने कहा, “पत्रकारों को उनके कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए संगठन आर्थिक और नैतिक रूप से उनके साथ खड़ा रहेगा।” नगर प्रभारी श्री प्रकाश सोनिया ने कहा, “पत्रकारों को निष्पक्ष और निर्भीक रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। अगर किसी भी पत्रकार को किसी प्रकार की समस्या होती है, तो संगठन उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा और हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगा।” बैठक में मौजूद पत्रकारों ने भी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं और संगठन के उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में पत्रकारों की समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई, जिसमें संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए गए। इस दौरान धीरेन्द्र सिंह शक्ति, संजय प्रताप सिंह, जलील अंसारी, ज्ञान चंद्र सिंह आदि मौजूद रहे । कार्यक्रम का संचालन राम मनोहर तिवारी ने किया । 

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *