जयपुर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 के संस्कृत विषय की काउंसलिंग 10 अगस्त से 23 अगस्त 2023 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग कार्यक्रम तथा विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग सचिव ने बताया कि इस परीक्षा के उक्त विषय की विचारित सूची 27 जुलाई 2023 को जारी की गई थी। इस सूची में सम्मिलित नॉन टीएसपी के 3150 तथा टीएसपी के 566 अभ्यर्थियों के विस्तृत आवेदन पत्रों की जांच काउंसलिंग के माध्यम से निर्धारित कार्यक्रमानुसार की जाएगी। पात्रता जांच के बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।

काउंसलिंग कार्यक्रम, विस्तृत आवेदन पत्र के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश, काउंसलिंग पत्र व अन्य प्रपत्र आदि आयोग की वेबसाइट पर जारी किये जा रहे हैं। अभ्यर्थी काउंसलिंग दिनांक से 7 दिवस पूर्व आयोग वेबसाइट से इन्हें डाउनलोड कर सकता है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग कार्यक्रमानुसार भरे हुए विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियों मय स्वप्रमाणित दस्तावेजों की एक प्रति व मूल दस्तावेजों के साथ रोल नंबर अनुसार निर्धारित दिनांक व समय पर व्यक्तिशः उपस्थित होना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा पृथक से कोई ऑफलाइन पत्र जारी नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थी आयोग द्वारा अपलोड किये गए 2 पात्रता प्रपत्रों व काउंसलिंग पत्र के साथ आवश्यक दिशा-निर्देशों को डाउनलोड कर उनका ध्यान पूर्वक अध्ययन करते हुए दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। काउंसलिंग के लिए निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होना होगा अन्यथा काउंसलिंग से वंचित कर दिया जाएगा, इसके लिए अन्य कोई अवसर देय नहीं होगा।

काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी अंतिम परिणाम में विचारित नहीं किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थियों को कोई यात्रा/दैनिक भत्ता आयोग द्वारा देय नहीं होगा।

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *