चंदौली/बबुरी । क्षेत्र के मुरेराडीह गांव के पास चकिया मुगलसराय मार्ग पर बाइक सवार उच्चके ऑटो से जा रही महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह रजनी त्रिपाठी नामक अध्यापिका मुगलसराय बाईपास से एक ऑटो में बैठकर चकिया प्राथमिक विद्यालय जा रही थी । वह जमालपुर थाना के डवक चौकी अंतगर्त मुरेराडीह गांव के पास पहुची ही थी कि पीछे से आ रहे अपाची बाइक पर सवार दो उच्चके ऑटो में बैठी रजनी त्रिपाठी के पर्स को झपट्टा मारकर छीनते हुए फरार हो गए ।
ऑटो में बैठे अन्य सवारियों ने घटना होते देख चिल्लाते हुए बाइक सवार उचक्कों का ऑटो से पीछा किया,परंतु उचक्के घटना को अंजाम देने के बाद भागने में कामयाब हो गए। भुक्तभोगी महिला ने बताया कि पर्स में 2 एटीएम कार्ड समेत लगभग4 हजार रुपये नगदी थे।
इस संबंध में डवक चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र बौद्ध ने बताया कि भुक्तभोगी ने इसकी तहरीर नहीं दी है, फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है । डवक चौकी से चंद कदम दूरी पर दिनदहाड़े हुए इस उचक्का गिरी से लोगों में दहशत व्याप्त है। नाम न छापने की शर्त पर लोगों ने बताया कि डवक चौकी की पुलिस हमेशा चौकी में ही आराम फरमाती है ।शाम होते ही बस स्टैंड पर शराबियों का झुण्ड जुटकर लबे रोड चीखने की दुकानों पर शराब पीते है ,और नशे में मारपीट व गली गलौज करते है परंतु डवक चौकी की पुलिस उन शराबियों पर अंकुश लगाने में असमर्थ है।
