रिपोर्ट : अशोक जायसवाल
चंदौली । शारदीय नवरात्र में देवी के नौ रूपों की आराधना पूरे क्षेत्र में हो रही है । जगह जगह सुंदर तथा भव्य पंडाल सजे हुए हैं, जहां मां के दर्शन के लिए लोगों की भीड लगी हुई है । नवरात्रि में देवी के नौ रूपों के रूप में कन्या पूजन का विशेष महत्व है । मान्यता के अनुसार नवरात्रि की अष्टमी और नवमी तिथि को नौ कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा है । इन नौ कन्याओं को माता दुर्गा के नौ रूप मानकर पूजा जाता है । चंदौली में भी लोग श्रद्धा तथा विश्वास के साथ इस परंपरा का पालन करते हुए कन्याओ का पूजन कर रहे हैं ।

हिंदू धर्म में नवरात्रि में कन्या पूजन को अत्यंत शुभ माना जाता है । ऐसा मानते हैं कि नवरात्रि पर व्रत का लाभ तभी प्राप्त होता है जब कन्या पूजन किया जाए । नवरात्रि में अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन किया जाता है । सोमवार को छोटी-छोटी कन्याओं को घर में बुलाकर उनकी पूजा की गयी और उन्हें पकवान खिलाए गये । भोजन के पश्चात इन कन्याओं से आशीर्वाद लेकर इन्हें उपहार दिया गया । माना जाता है कि ऐसा करने से देवी दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं ।
