चन्दौली । शनिवार की दोपहर बबुरी थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ आगामी त्यौहारों पर शान्ति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से एक बैठक आहूत की गई ।
बैठक में क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध सिंह ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों को मिलजुल कर सौहार्द पूर्वक मनाएं । आगामी त्यौहारों में चेहल्लुम तथा दुर्गा पूजा नजदीक है ,जिसे लेकर शांति व्यवस्था कायम रखने की आवश्यकता है। किसी प्रकार की समस्या होने पर अपने नजदीकी थाने में संपर्क कर स्थिति से अवगत कराएं। मूर्ति विसर्जन के दौरान सावधानी बरतें ।
विसर्जन के दौरान तालाबों पर गोताखोरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय एक तेजी से अफवाह वायरल हो रही है , जिसमें कुछ वीडियो और फोटो के माध्यम से बताया जा रहा है कि बच्चों का अपहरण करके उनके अंदरूनी अंगों की तस्करी की जा रही है । इस प्रकार के अफवाहों में आप लोग न पड़े। इन अफवाहों के कारण बच्चों को कुछ अभिभावक स्कूल नहीं भेज रहे हैं तथा बच्चा चोरों के गिरोह के भ्रम में भिखारी, साधु तथा अपरिचित लोग के साथ मारपीट की घटनाएं हो रही हैं । यदि किसी को भी अपने आसपास इस तरह के संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस को दें। स्वयं कानून को हाथ में लेते हुए किसी के साथ मारपीट ना करें। इस दौरान बबुरी थानाध्यक्ष अतुल कुमार, अवधेश सिंह, सत्यनारायण शुक्ला, सतेंद्र पांडेय इत्यादि लोग उपस्थित रहे ।
