चंदौली । बबुरी ग्राम प्रधान की अनियमितता से आजीज आकर आए दिन ग्राम सभा बबुरी में ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं , लेकिन ग्राम प्रधान के कानों पर जूं नहीं रेंग रहा है । ग्राम प्रधान गांव की समस्याओं से उदासीन पड़े हुए हैं ।

           एक तरफ सरकार जहां सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई तथा जीर्णोद्धार पर अभियान चलाकर कार्य कर रही है वही बबुरी की ग्राम प्रधान राजकुमारी देवी सरकार की मंशा पर पानी फेर रही हैैं । कस्बा के प्राथमिक विद्यालय परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के ग्राउंड में पिछले दिनों गंदे नाले का बदबूदार पानी महीनों तक भरा हुआ था ।

स्कूल के शिक्षकों की पहल पर तथा अखबारों में प्रमुखता से खबरों के प्रकाशित होने के बाद विभागीय आदेशों पर नाले की साफ सफाई करा कर ग्राउंड का पानी निकाल तो दिया गया , लेकिन विद्यालय को गंदगी की समस्याओं से अभी तक निजात नहीं मिल पाई है । विद्यालय परिसर के लगभग सौ मीटर लंबे खेल प्रांगण में झाड़ झंकार जमी हुई है । विद्यालय का फिल्ड करेम, बैजन्ती, रेड तथा बड़े बड़े घासो से पटा हुआ है । शिक्षकों के कई बार शिकायत के बावजूद ग्राम प्रधान सफाई कर्मियों को विद्यालय में नहीं भेजते हैं । वहीं शिक्षकों के मनुहार पर यदि सफाई कर्मचारी साफ सफाई करने आ भी जाते हैं तो उन्हें ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा डांट सुनने को मिलती है । दशा यह है कि आए दिन खेल प्रांगण में विषैले सांप और जहरीले जीव जंतु देखे जाते हैं । जिसके कारण हर समय अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है ।

साफ सफाई के अभाव में जान जोखिम में डालकर छात्र-छात्राएं विद्यालय में पठन-पाठन करने के लिए विवश है । विद्यालय के शिक्षकों द्वारा सफाई के बाबत कहे जाने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कहते हैं कि स्कूल में सफाई कर्मी नहीं जाएंगे,  जिससे शिकायत करनी हो कर दीजिए । गौरतलब है कि बच्चों के शारीरिक विकास के लिए सरकारी स्कूलों में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिता का समय नजदीक है लेकिन साफ सफाई के अभाव में विद्यालय के छात्र छात्रा खेलकूद का अभ्यास करने से वंचित है । 

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *