चंदौली । बबुरी थाना क्षेत्र के पाण्डेय पुर बाजार स्थित एक प्राइवेट हास्पीटल में मंगलवार की देर रात प्रसव के लिए आई महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात बिन्दपुरवा गांव निवासीनी पूनम 22 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पाण्डेय पुर बाजार स्थित पुष्पा हास्पीटल ले गये । जहाँ चिकित्सक आपरेशन कर डिलीवरी कराने लगे । आपरेशन करने के बाद बच्चे को तो सकुशल बचा लिया गया लेकिन पूनम की हालत बिगडने लगी । इसपर अस्पताल संचालक ने महिला को वाराणसी के लिए प्राइवेट एम्बुलेंस से रेफर कर दिया । एम्बुलेंस के डाफी पहुंचते ही महिला ने दम तोड़ दिया । इसके बाद एम्बुलेंस महिला और परिजनों को लेकर लौटने लगी । महिला के मौत की खबर लगते ही परिजन उग्र हो उठे तथा नियामताबाद के बड़ागांव के पास एम्बुलेंस को रोक लिया । उग्र परिजनों को देखते ही ड्राइवर एम्बुलेंस का दरवाजा लाक कर फरार हो गया । देखते ही देखते उक्त स्थान पर ग्रामीणों तथा परिजनों की भीड़ इकट्ठा हो गई ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर बवाल काटा । इसी बीच सूचना मिलने पर बबुरी थानाध्यक्ष अतुल कुमार मय फोर्स अस्पताल पहुंच गए तथा परिजनों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा सही ढंग से ऑपरेशन ना करने के कारण प्रसव के बाद खून लगातार बह रहा था जिसके कारण उनकी लापरवाही के चलते महिला की मौत हो गई है ।
