चंदौली । बबुरी थाना क्षेत्र के कोनिया बाग मेले के पास मंगलवार की शाम एक बाइक और ऑटो में आमने सामने भिड़ंत हो जाने से 2 लोग बुरी तरह घायल हो गए । आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से चंदौली स्थित जिला चिकित्सालय को भेज दिया ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम विकास तिवारी पुत्र रामभरोस तिवारी 25 वर्ष ऑटो लेकर बबुरी से चंदौली की ओर जा रहा था । ऑटो में ड्राइवर के अलावा एक अन्य लोग भी सवार थे । ऑटो लेकर विकास कोनिया बाग मेले के पास पहुंचा ही था कि सामने से बाइक से आ रहे राजेश विश्वकर्मा पुत्र संतु विश्वकर्मा 25 वर्ष से जोरदार टक्कर हो गई । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में था । ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठा ड्राइवर तथा सवारी भी बुरी तरह से चोटिल हो गए । वही बाइक सवार राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया । घटना होते देखते ही आसपास के ग्रामीणों की घटना स्थल पर भीड़ लग गई । लोगों ने आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचना देते हुए 108 नंबर की एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला चिकित्सालय चंदौली के लिए भेज दिया । सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक की बाइक तथा ऑटो कब्जे में लेकर थाने ले आई ।
