रिपोर्ट : श्री प्रकाश

चंदौली। हत्या के मामले में कोर्ट में पेशी पर जा रहे गवाह को धमकाने का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। उक्त मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को कोर्ट परिसर से पकड़ा और कोतवाली ले गयी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस तीन नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवकों द्वारा हत्या के मामले में पेशी पर आए गवाह को सुलह के लिए दबाव बनाने की नियत से न्यायालय क्षेत्र में वीडियो बनाने के साथ ही उसे धमका रहे थे, जिनके विरूद्ध पुलिस विधिक कार्यवाही कर रही है।विदित हो कि धानापुर इलाके के बुढ़ेपुर गांव निवासी गोपाल सिंह, हत्या के मामले में बतौर गवाह कोर्ट में पेश होने के लिए मंगलवार चंदौली न्यायालय पहुंचे। उक्त मामले में हत्यारोपी पक्ष के बभनियांव रायपुर निवासी अंकित यादव, संदीप यादव व राजकुमार भी गोपाल सिंह की ताक में कचहरी परिसर पहुंचे और मौका देख उसे घेर लिया जैसा कि पीड़ित पक्ष का आरोप है। गोपाल सिंह ने सदर पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया कि वह सरकार बनाम राजकुमार के मुकदमें में गवाही देने आया था। इस दौरान न्यायालय क्षेत्र में आरोपियों द्वारा अपने 20 से 25 सहयोगियों के साथ घेर कर मुकदमें में सुलह व हत्यारोपी के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने लगे। इसी क्रम में आरोपियों ने गलत तरीके से वीडियो बनाया। आरोप लगाया कि सुलह की बात नहीं मानने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दिए। साथ ही हत्या के षड्यंत्र के तहत वीडियो बनाकर किसी अन्य को भेजने लगे। उनके द्वारा बनाए गए वीडियो को देखने का प्रयास करने पर हाथापाई करने लगे। सूचना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गयी। इस बाबत कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा कायम करने की कार्यवाही कर रही है।

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *