रिपोर्ट : अशोक जायसवाल
चन्दौली । अगर आप अपने कार्य व कर्तव्य के प्रति निष्ठा एवं ईमानदारी रखते है तो, ईश्वर भी आप की सहायता करते हैं। जरूरत के वक़्त रास्ता अपने आप खुल जाता है। हम बात कर रहें है कटेसर स्थित प्राथमिक विद्यालय की, जहां विद्यालय के कमरे में जब टाइल्स लगवाने को स्कूल के प्रधानाध्यापक अजय सिंह ने हाथ बढाया तो शायद उन्होंने ये कभी नही सोचा था कि उनके इस कार्य मे क्षेत्र के समाजसेवी भी अपना योगदान देने के लिए स्वयं आगे आ जाएंगे। लेकिन कहते हैं हिम्मते मर्द तो ददद ए खुदा । शिक्षक ने शुरूआत की तो अचानक मदद का हाथ आगे बढ़ा और विद्यालय में टाइल्स लगवाने के लिए फंड की व्यवस्था अपने आप हो गयी।
दरसअल स्कूल के सुन्दरीकरण के लिए प्रयासरत शिक्षक की लगन को देखकर रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिक्षक की सहायता करने का मन बनाया । आपस मे विचार विमर्श किया और गुरूवार को एसोसिएशन की तरफ से प्राथमिक विद्यालय कटेसर द्वितीय के प्राचार्य अजय सिंह को विद्यालय के कमरे में टाइल्स लगाने हेतु 21 हज़ार का चेक प्रदान किया । प्राचार्य अजय सिंह ने इसके लिए रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन का धन्यवाद किया। गौरतलब है कि विद्यालय को सुदृढ़ बनाने हेतु पहले भी रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन द्वारा सहयोग किया गया था। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यालय को आगे भी भरपूर सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष देव भटाचार्य, महामंत्री जितेन्द्र कुमार सिंह , समाजसेवी चंद्रेस्वर जायसवाल, रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन लोग उपस्थित रहे।
