(चंदौली)। चंद्रप्रभा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बबुरी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने लगी है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा है। वहीं नदी के समीपवर्ती गांवों में भी पानी तेजी से पहुंच रहा है। नगई गांव में कई ग्रामीणों के घरों के अंदर तक बाढ़ का पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। हालात को देखते हुए प्रभावित ग्रामीणों ने बबुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डेरा डाल लिया है । मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर, सूर्यमुनि तिवारी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। नगई गांव के ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का पानी उनके घरों में घुस गया है, जिससे रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई ग्रामीणों ने आवास नहीं मिलने की शिकायत भी की। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने लेखपाल और ग्राम प्रधान को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र ग्रामीणों को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावित ग्रामीणों को बबुरी उच्च प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए राहत केंद्र में शिफ्ट कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और आसपास के गांवों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने से उनकी चिंता बढ़ गई है। पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के अन्य गांव भी प्रभावित हो सकते हैं।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *