पीडीडीयू नगर (चंदौली) : अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित लोंदा चौकी के समीप नेशनल हाईवे-19 पर रविवार की रात एक पुलिसकर्मी पर नशे की हालत में हंगामा करने का आरोप लगने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संबंधित सिपाही काफी देर तक सड़क किनारे खड़ा होकर राहगीरों से उलझता रहा। जिससे मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी कथित रूप से शराब के नशे में था। आने-जाने वाले लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने राहगीरों को असहज स्थिति में डाल दिया, जिसके चलते आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध भी किया। घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।सूत्रों के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान वर्ष 2018 बैच के सिपाही आलोक रंजन के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में चंदौली पुलिस लाइन में तैनात है। चर्चा यह भी है कि उसने स्वयं को मुगलसराय कोतवाली में तैनात बताया। वह निजी मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा था। घटना से जुड़े कुछ वीडियो व तस्वीरें भी स्थानीय स्तर पर वायरल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस विभाग की ओर से भी देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला पुलिस विभाग की कार्यशैली व अनुशासन से जुड़ा होने के कारण गंभीर माना जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *