जयपुर Abhayindia.com राजस्‍थान में विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा शनिवार से परिवर्तन यात्रा शुरू करने जा रही है। इससे पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार से अपनी देव दर्शन यात्रा शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री की देव दर्शन यात्रा से उनके समर्थक उत्साहित नजर आ रहे हैं। वसुंधरा की इस यात्रा के साथ ही सियासी हलके में चर्चाओं का बाजार तेज हो गया है।

राजे शुक्रवार को चारभुजा, नाथद्वारा और त्रिपुरा सुंदरी में दर्शन करने पहुंची। वे सबसे पहले राजसमंद जिले के चारभुजा मंदिर पहुंचीं। यहां से दर्शन के बाद वे नाथद्वारा के लिए रवाना हुई, जहां उन्होंने श्रीनाथजी के दर्शन किए। इसके बाद राजे ने बांसवाड़ा जिले में स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन किए।

इस दौरान उन्‍होंने कहा कि मैं कोई भी काम करने से पहले तीन मंदिर जाती हूं। तभी मानती हूं कि मेरा काम सिद्ध होगा। वसुंधरा राजे भगवान चारभुजा नाथ, सहित श्रीजी प्रभु और मां त्रिपुरा सुंदरी को अपना इष्ट मानती हैं।

इधर, देवदर्शन यात्रा को लेकर वसुंधरा कार्यालय की ओर से कहा गया है कि वह हर बार राजनीतिक यात्रा से पहले धार्मिक यात्रा पर जाती रही हैं। आपको बता दें कि भाजपा की ओर से आयोजित की जा रही चार परिवर्तन यात्राओं में पार्टी का चेहरा नहीं हैं। प्रत्येक यात्रा की शुरुआत एक केंद्रीय नेता द्वारा की जाएगी, जिसमें राज्य के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *