✍ राष्ट्र संदेश न्यूज
चंदौली के पर्यटन स्थलों पर आएदिन हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन के सक्रियता के बावजूद नहीं रूक रही घटनाएं। रविवार को एक और सैलानी की गहरे पानी में डूबने से मौत ।
चंदौली के राज दरी जलप्रपात में सैलानियों के मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है । प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी चंदौली के पिकनिक स्थलों पर आए दिन सैलानियों की मौत हो रही है ।रविवार को भी इसी क्रम में एक और दुर्घटना हुई, जिसमें लापरवाही पूर्वक नहाते हुए एक सैलानी काल के गाल में समा गया ।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार हरीश गुप्ता उम्र 20 वर्ष पुत्र विजय कुमार गुप्ता निवासी हरहुआ वाराणसी रविवार के दिन राजदरी जलप्रपात अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए आया हुआ था । दोस्तों के साथ नहाते समय उक्त युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा । युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों मैं सनसनी फैल गई । लोगों ने उस युवक को बचाने का बहुत प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई । काफी प्रयास के बाद जब युवक को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी की मौत हो चुकी थी । आनन-फानन में साथ आए लोग, युवक को निजी वाहन से चकिया संयुक्त चिकित्सालय ले आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण राजदरी में घूमने फिरने के लिए सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ती है । स्थानीय लोगों के लाख मना करने के बावजूद भी कुछ लोग नहाने के लिए जलप्रपात में उतर जाते हैं , जिससे आए दिन इस तरह की दुखद घटनाएं होती रहती हैं । अभी हाल ही में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राजदरी पर्यटन स्थल का दौरा कर सुरक्षा हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे । इसके बावजूद इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रुकने का नाम नहीं ले रही है ।
