चंदौली। चकरघट्टा थाने से शुक्रवार की सुबह फरार लूट के आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है। बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा-उतरौत रोड पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की तो उसने टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही है।

थाना क्षेत्र में विगत दिनों डिलीवरी बाॅय के साथ हुई लूट का आरोपित संदीप कुमार उर्फ रवि शुक्रवार की भोर में थाने से फरार हो गया। जानकारी होते ही महकमे में खलबली मच गई। उसे दोबारा पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही थी। अभियुक्त अपराध संख्या 28/21 धारा 394 और 412 आईपीसी के तहत गिरफ्तार किया गया था। सोनभद्र जिले के निवासी डिलवरी बाॅय को लूट के दौरान गोली भी मारी गई थी। जबकि बदमाशों ने खलासी को भी लक्ष्य कर फायर किया था। शातिर संदीप शुक्रवार की भोर में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस को उसके पीछे लगा दिया गया था। शुक्रवार की देर शाम लेवा-उतरौत मार्ग पर बबुरी पुलिस ने बदमाश को घेरा तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने गोली का जबाव गोली से दिया और बदमाश के पैर में गोली लगते ही वह गिर पड़ा। बबुरी थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। 

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *