बबुरी (चंदौली)। क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर रात एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवती की अपने मंगेतर से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की युवती का लंबे समय से बहुआर निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से आगामी 28 जून को विवाह तय किया गया था। घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थीं । स्वजन के अनुसार, बुधवार की रात युवती अपने मंगेतर से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवती अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर परिजनों को आशंका हुई और उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह कमरे का करकट तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवती दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना बबुरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
