बबुरी चंदौली। थाना क्षेत्र के लठौरा गांव में गुरुवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी । जानकारी होने पर स्वजन में कोहराम मच गया ।
जानकारी के अनुसार लठौरा गांव निवासी निशु खरवार गुरुवार की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने गया था । देर रात परिवार के लोगों ने जब किसी काम से कमरे का दरवाजा खोला तो निशु को रस्सी के फंदे से लटकता देख अवाक रह गये । आत्महत्या का मामला पता चलते ही परिवार में चीख पुकार मच गया । शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गये । पड़ोसियों की मदद से युवक को नीचे उतारकर स्वजन उसे एक निजी अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया के लिए भेज दिया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकिया पहुंचने पर चिकित्सकों ने परिक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
मृतक निशु खरवार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा, शांत व मिलनसार स्वभाव का था । वह वाराणसी स्थित एक होटल में काम करता था । आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि वह अभी कल ही अपने भतिजी के जन्मदिन के लिए लठौरा गांव में आया हुआ था । जन्मदिन मनाने के बाद खाना खा कर वह अपने कमरे में सोने गया था । ऐसा क्या हुआ कि उसने मौत को गले लगा लिया यह समझ से परे है । घटना के बाद निशु के बड़े भाइयों अमित व गोलू का रो रो कर बुरा हाल हो गया था वहीं उसके पिता झुन्नू खरवार की आंखों से जैसे आशु ही सूख गए थे । वह अकेले बैठे शून्य को निहार रहे थे ।
