वाराणसी । भेलूपुर के खोजवां शक्ति नगर में रविवार रात्रि संतोषी माता मंदिर के जमीन कब्जा प्रकरण में हिंदू युवा वाहिनी के नेता अभिषेक पांडेय पर हुए पिस्टल से जानलेवा हमले के आरोप में भाजपा नेता अतर सिंह और उसके भाई राजबहादुर सिंह के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा लाठी-डंडे से की गई पिटाई में घायल अतर सिंह और राजबहादुर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। उधर, गोली लगने से घायल हिंदू युवा वाहिनी के महामना मंडल के उपाध्यक्ष और मंदिर के पुजारी अभिषेक पांडेय की हालत स्थिर बताई गई है। एहतियातन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और खोजवां क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं।
अनायास ही मंदिर के पुजारी और अभिषेक से उलझ गया राजबहादुर
खोजवा निवासी अभिषेक पांडेय ने बताया कि प्रदेश सरकार के एक मंत्री के करीबी होने और भाजपा में पैठ होने के कारण अतर सिंह को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। इसी वजह से बीते सवा चार साल से अतर खोजवां क्षेत्र के शक्ति नगर स्थित संतोषी माता मंदिर और उसकी बेशकीमती जमीन पर किसी न किसी तरह से काबिज होना चाहता है। अभिषेक ने बताया कि रविवार की रात राजबहादुर मंदिर आया था।उस दौरान राजबहादुर ने अनायास ही उनसे और प्रधान पुजारी रमाकांत पाठक से गालीगलौज शुरू की। इसके बाद अतर सिंह को बुलाकर मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान ही अतर सिंह ने अपनी लाइसेंस पिस्टल से उन पर फायरिंग की और गोली बाएं कंधे में लगी। अतर सिंह के गोली चलाने से नाराज स्थानीय लोगों ने उसे और उसके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया।
दोनों पक्षों को मिला है राजनैतिक संरक्षण
शक्ति नगर के लोगों ने बताया कि एक पक्ष भाजपा और दूसरा पक्ष हिंदू युवा वाहिनी से जुड़ा है। इसके साथ ही दोनों पक्ष प्रदेश के 2 अलग-अलग मंत्रियों से भी जुड़े हुए हैं। इस वजह से दोनों पक्ष खुद को एक-दूसरे से कमतर नहीं आंकते हैं। हालांकि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से अतर सिंह का दबदबा थोड़ा ज्यादा ही हो गया है। अतर मंदिर के ट्रस्ट के प्रबंधन से भी जुड़ा हुआ है। उसने मंदिर परिसर में वर्षों से रह रहे लोगों को हटाया और इसके बाद अपने लोगों को जगह दिलाई। अब वह चाहता है कि मंदिर का नियंत्रण पूरी तरह से उसके हाथों में आ जाए और वह अपनी इच्छा अनुसार जो चाहे वह कर सके। इसलिए मंदिर के प्रबंधन से स्थानीय लोगों ने दूरी बना ली है।
दोनों पक्ष पुलिस की देखरेख में
एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया की हिंदू युवा वाहिनी के अभिषेक की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, दूसरे पक्ष से अभी तहरीर नहीं आई है। दोषियों को ठीक होने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। भेलूपुर पुलिस शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजेगी।

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *