- डा महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा को लिया गोद

चंदौली । कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री, एवं चंदौली सांसद डॉ महेंद्र नाथ पाण्डेय का जनपद में एक दिवसीय दौरा सम्पन्न हुआ। इस दौरान सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य मार्ग का सीसी रोड के लिए उनके द्वारा शिलान्यास भी किया गया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के जनरल वार्ड, प्रसव कक्ष, दवाई स्टोर, आइसोलेशन वार्ड, कोविड कक्ष सहित अन्य का जायजा लेकर चिकित्सक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आशा कार्यकत्री से बातचीत करते हुए कहा कि आशा बहुओं के कार्य से प्रधानमंत्री जी बेहद प्रसन्न है। औऱ बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सुविधा आम जनता को उपलब्ध हो इस दिशा में बेहतर कार्य किया जाय। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि सकलडीहा स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेते हुए इसको अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाना हमारी प्राथमिकता है । ताकि आस-पास के साथ क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधा बेहतर मिल सके । केंद्रीय मंत्री ने दो हाई मास्ट सोलर पैनल देने की घोषणा की। इसके अलावा माड्यूलर ओ0टी0 एवं लेबर रूम के लिए 20 लाख व एमसीएच विंग की स्थापना के लिए 200 लाख, ऑक्सीजन प्लांट 200 LPM व आक्सीजन पाइप लाइन के लिए 70 लाख, बी0पी0एम0यू0 हेतु कार्यालय के लिए 20 लाख, सोलर पैनल 10 केवीए 8लाख, सामुदायिक शौचालय के लिए तीन लाख, कैटल कैचर के लिए एक लाख सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए धनराशी देने की घोषणा की। केन्द्रीय मंत्री ने अपने उद्बोधन मे कहा कि महामारी की अगली लहर अत्यंत भयावह है। कोरोना वायरस अदृश्य होकर वार करता है इसके लिए सभी लोगों को मास्क, सामाजिक दूरी के साथ-साथ शासन के द्वारा जारी कोविड गाइडलाइन का पालन शत-प्रतिशत करना है। सावधानी बरतते हुए कोरोना महामारी को परास्त किया जा सकता है। लोगों से अपील की कि कोविड टीका लगाना अत्यंत जरूरी है सभी लोग अपने परिवार के लोगों का वैक्सीनेशन कराएं ।
जिलाधिकारी श्री संजीव सिंह ने बताया 10 हजार मेडिसिन किट घर-घर जाकर वितरण किया जा रहा है।लोगों की घर घर जाकर जांच किया जा रहा है, इसके अलावा आज से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया है। अंत में जिलाधिकारी ने केन्द्रीय मंत्री का आभार प्रकट किया । इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, विधायक पीडीडीयू नगर साधना सिंह, सुशील सिंह , ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी सकलडीहा राम्या आर, अजीतेंद्र नारायण, डॉक्टर बीपी द्विवेदी, डॉ डीके सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
