बबुरी चंदौली । थाना क्षेत्र के अकोढा रामपुर गाव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार की सुबह एक अभिभावक ने स्कूल में पहुंच कर अपने बच्चे को स्कूल से निकालने का आरोप लगाते हुए एक शिक्षक को मारपीट कर घायल कर दिया । इसके बाद स्कूल के शिक्षकों ने स्थानीय थाने पर पहुच कर मारपीट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी । जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह क्षेत्र के अकोढा रामपुर गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में दो छात्र गोलू और आशीष आपस में झगडने लगे । इस पर स्कूल के सहायक अध्यापक मनोज पाण्डेय ने दोनो छात्रों को अपने अभिभावकों को बुला लाने के लिए घर भेज दिया । छात्र आशीष कुमार अपने घर पहुचा तथा पिता संतोष राम को सारी बात बताते हुए स्कूल चलने के लिए कहने लगा । इसके बाद संतोष राम विद्यालय पहुचे तथा अध्यापक से बहस करने लगे । लोग जब तक कुछ समझते संतोष राम अध्यापक को पीटने लगा । मारपीट में अध्यापक को काफी चोटें आई । इसके बाद अध्यापक बबुरी थाने पहुंचा तथा आरोपी के खिलाफ तहरीर दी । जिस पर कार्यवाही करते हुए थाना अध्यक्ष अतुल कुमार ने पुलिस भेज कर आरोपी संतोष राम को थाने पर बुला लिया तथा जांच के दौरान दोषी पाए जाने पर आरोपी को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया ।
