
बबुरी /चंदौली । रियल लाइफ में चंदौली के अपराधियों मे खौफ का पर्याय बने बबुरी थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह अब रुपहले पर्दे पर भी अपराधियों पर नकेल कसते दिखाई देने वाले हैं । बबुरी क्षेत्र में गुरूवार को लोकेशन परमीशन के लिए पहुंचे गैंग बनारस वेब सीरीज के निर्देशक सत्य प्रकाश सत्या ने थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह का आकर्षक लुक देखते ही अपने फिल्म में किरदार आफर कर दिया । निर्देशक सत्या ने थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह को अपनी फिल्म में एक इमानदार पुलिस आफिसर के रोल के लिए आफर दिया है ।

आफर लेटर देते हुए निर्देशक ने बताया कि बबुरी थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह का प्रभावशाली लुक फिल्म के एक महत्वपूर्ण किरदार के साथ मेल खा रहा है जिसके कारण उन्हें यह रोल आफर किया गया है । फिल्म की शूटिंग सितम्बर माह मे शुरू हो रही है । थानाध्यक्ष सत्येन्द्र विक्रम सिंह के सीन बनारस के आकर्षक लोकेशन पर फिल्माए जाएंगे । फिल्म में सत्येन्द्र विक्रम सिंह एक इमानदार पुलिस आफिसर के रूप में दिखाई देंगे । गैंग बनारस वेब सीरीज बनारस के आपराधिक परिदृश्य पर आधारित है । इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी सत्येन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि फिल्म के निर्देशक सत्य प्रकाश सत्या ने अपनी वेब सीरीज में अभिनय के लिए प्रस्ताव दिया है। यदि विभागीय अनुमति मिलती है तो मैं अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी पूरी निष्ठा से प्रदर्शन करूँगा । 
