
बबुरी । भोजपुरी के महानायक कहे जाने वाले सत्तर के दशक के महान फिल्म अभिनेता सुजीत कुमार की, क्षेत्र के भवतपुरा गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर शनिवार को बारहवीं पुण्यतिथि मनाई गयी । इस मौके पर ब्लाक प्रमुख सहित परिजनों तथा क्षेत्रीय कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की ।
महानायक सुजीत कुमार की 12 वीं पुण्यतिथि उनके निवास स्थान भवतपुरा में मनायी गयी । पुण्यतिथि पर सुजीत कुमार के चित्र पर माल्यार्पण करके उन्हें याद किया गया । इस मौके पर ब्लाक प्रमुख सदर संजय सिंह बबलू ने कहा स्वर्गीय सुजीत कुमार ने फिल्म जगत में एक ऊंची मुकाम हासिल की थी । उन्होंने तमाम ऐतिहासिक भोजपुरी फिल्मे देकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है । विदेशिया, आखिर क्यों, यादगार, कैदी, आराधना, खानदान, देस परदेश, कलाबाज, अमर प्रेम, गीत आदि फिल्मों में अपने यादगार अभिनय से पहचान बनाने वाले फिल्म अभिनेता सुजीत कुमार बबुरी कस्बे से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित भवतपुरा गांव के निवासी थे । फिल्मों की तरफ बचपन से रुझान के चलते उन्होंने जवान होते ही घर छोड़ कर मुम्बई का रूख कर लिया । उन्होंने भोजपुरी से लेकर हिन्दी फिल्मों में अपने अभिनय से एक अलग ही पहचान बनाई थी । खलनायक के साथ ही चरित्र अभिनेता के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में उनका एक विशेष स्थान बन गया था । 75 वर्ष की आयु में कैंसर से पीड़ित होने के कारण 5 फरवरी 2010 को मुंबई में उनकी मौत हो गयी थी । हमें उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी । पुण्यतिथि कार्यक्रम में संजय सिंह, राजेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, उनके भाई पूर्व प्रधान धर्मेन्द्र सिंह , शोभनाथ सिंह, नरेंद्र सिंह , अविनाश सिंह प्रधान, शुभम सिंह, शैलेश सिंह आदि ने श्रद्धांजलि दी ।
