
चंदौली । चकिया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने शहाबगंज विकासखंड के बयापुर ग्राम में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के हॉस्टल निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां मानक की अनदेखी कर घटिया सामग्री का उपयोग किये जाने पर निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है।
बता दें कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बयापुर के हॉस्टल निर्माण का कार्य इन दिनों चल रहा है। निर्माण में मानक के विपरीत दोयम दर्जे से भी खराब ईंट का प्रयोग किया जा रहा था। वहीं मानक को दरकिनार करते हुए पिलर का निर्माण नहीं हो रहा था। नींव भी मात्र 14 इंच का ही तैयार किया जा रहा था। उसमें भी सीमेंट और बालू का अनुपात मानक के बिल्कुल विपरीत रहा। इस तरह से निर्माण में तमाम अनियमितताएं देख ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने विद्यालय के हॉस्टल निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के हॉस्टल निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग किए जाने संबंधी शिकायतें मिल रही थी। जिसका जांच करने पर आरोप सही पाया गया। जिसके बाद निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया गया है। और निर्माण कार्य में लगे दोषियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई प्रचलित की जा रही है।-
