
वाराणसी । राष्ट्र के 75 वें स्वतंत्रता दिवस पर श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा वाराणसी की ओर से अस्पताल की ई एन टी स्पेशलिस्ट (सर्जन) डॉ रचना सिंह को वर्ष 2020-21 का कायाकल्प सम्मान दिया गया है । इस सम्मान के मिलने से लोगों में काफी हर्ष है ।
डॉ रचना सिंह ने कहा कि यह मेरे लिए गौरव का क्षण है । इस सम्मान से मैं और मेरा पूरा परिवार अभिभूत है । मेरा उद्देश्य आजीवन लोककल्याणकारी कार्य करके लोगों की सेवा करना है, जिसके लिए मैं प्रतिबद्ध हूं । इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर अस्पताल की चयन समिति द्वारा मुझे मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान के लिए समिति को धन्यवाद ज्ञापित करती हूं ।
हाल ही में डॉ रचना सिंह के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा में दो जटिल सर्जरी करके उन मरीजों को सरकारी खर्च पर कैंसर होने से बचाकर जीवन दान दिया गया था ।जिसमें लार ग्रन्थि का जटिल सर्जरी शामिल है । इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी में यदि मरीज के किसी एक नस को भी हानि पहुंचती तो मरीज का चेहरा आजीवन टेढ़ा हो सकता था । इस जटिल कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देकर डॉ रचना सिंह ने श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा में ई एन टी सर्जरी के क्षेत्र में इतिहास रचा है । अस्पताल की ओर से मिले इस सम्मान पर उनके सहयोगियों ने भी खुशी जाहिर किया है ।
