चंदौली/बबुरी । स्थानीय मवैया गांव स्थित राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मंगलवार को दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने श्री कृष्ण के रूप में हांडी फोड़कर उत्सव मनाया । कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बबुरी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने मां सरस्वती तथा सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया ।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्कूलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने से बच्चों के अंदर शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्म तथा संस्कार का प्रकाश प्रस्फुटित होता है । माना जाता है कि बच्चे भगवान का साकार रूप होते हैं । आज इस विद्यालय के छोटे छोटे बच्चों को कृष्ण भगवान के रूप में देखकर जैसे उनका साक्षात दर्शन हो रहा है । इसके पश्चात स्कूल के बच्चों ने अनेक प्रकार के कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान श्री कृष्णा के बाल लीलाओं पर आधारित विभिन्न प्रकार के नाटक, गीत संगीत की मनोहारी प्रस्तुति देकर मंत्र मुक्त कर दिया । इस अवसर पर स्कूल के एमडी शाहिद अली, डायरेक्टर परवीन रुस्तम, प्रिंसिपल रितु खरवार आदि मौजूद रहे ।
