
परिजनों का आरोप छेड़खानी की शिकायत करने पर पीटा । वीडियो बना रहे युवक और महिला को भी पीटते हुए मोबाइल पटका ।
चंदौली । बबुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की देर शाम गांव के कुछ लोगों द्वारा एक नाबालिक लड़की के साथ छेड़छाड़ और परिवार वालों के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है ।
परिवार के लोगों का आरोप है कि शनिवार शाम लगभग 8:00 बजे उनकी बेटी रानी (काल्पनिक नाम) खेत से घर की ओर आ रही थी कि रास्ते में बैठे गांव के ही कुछ लोगों ने उससे छेड़खानी करने के नियत से रानी का दुपट्टा खींच दिया और पकड़ने की कोशिश की । उन लोगों से किसी तरह से बचकर रानी अपने घर पहुंची तथा परिजनों को सारी बात बताई । किशोरी की बात सुनकर उसके माता-पिता जब आरोपियों से पूछने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी ।
किशोरी की मां ने कहा कि मारपीट करते समय जब कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तब उन लोगों ने वीडियो बनाने वाले लड़के और महिला के साथ भी मारपीट करते हुए मोबाइल छीन कर पटक दिया । मारपीट के दौरान बबुरी थाने पर फोन भी किया गया । लेकिन काफी देर होने जाने के बाद भी पुलिसकर्मी गांव में नहीं पहुंचे जिस पर हम लोगों ने घटना की जानकारी फोन कर पुलिस अधीक्षक तथा जिलाधिकारी को भी दी । परिजनों के मुताबिक अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस गांव में पहुंची जरूर लेकिन कुछ लोगों का दरवाजा खटखटा कर लौट गई । किशोरी के पिता ने बताया कि हम सभी को परिवार सहित सुबह बबुरी थाने पर बुलाया गया था, जिस पर हम लोग सुबह 9:00 बजे से थाने पर आकर बैठे हुए हैं लेकिन अभी तक पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है । इस मामले में बबुरी थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया छेड़खानी तो नहीं, मारपीट का मामला है । आरोपियों में तीन लोगों को थाने पर बुलाया गया है । जांच चल रही है उसके उपरांत मुकदमा दर्ज किया जाएगा ।
