अनियमितताओं को लेकर वायरल हो रहे समाचार पर प्रबंधक ने रखा अपना पक्ष

चंदौली । पिछले कुछ दिनों से बबुरी कस्बे के अशोक इंटर कॉलेज मे अनियमितताओं को लेकर वायरल हो रही खबरों पर कालेज के प्रबंधक ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा । प्रबंधक अशोक सिंह ने कहा कि आसपास के कुछ निजी कालेज संचालकों द्वारा अशोक इण्टर कालेज की छवि को बिगाड़ने के लिए षड्यंत्र पूर्ण तरीके से यह भ्रामक प्रचार कराया जा रहा है कि प्रबंधक ने विद्यालय की जमीन को बेच दिया है ।
जबकि विद्यालय की जमीन बेचने का तो प्रश्न ही नहीं उठता । प्रबंध कारिणी के प्रस्ताव पर कॉलेज में महाविद्यालय बनाने के लिए अशोक एजूकेशनल ट्रस्ट को भूमि आवंटित की गई है । प्रबंध कारिणी के 12 सदस्य हैं, सभी की सहमति से विद्यालय परिसर में महाविद्यालय बनाने के लिए भूमि ट्रस्ट को ट्रांसफर की गई है । ट्रस्ट के निर्माण अधिनियम में यह नियम है कि ट्रस्ट द्वारा जो भी कार्य किए जाए लोक कल्याण हेतु किए जाए इसलिए ट्रांसफर की गई भूमि पर अस्पताल, स्कूल या लोक कल्याण वाले सार्वजनिक भवन ही बनाए जा सकते हैं । इसलिए यह कहना की प्रबंधक ने व्यक्तिगत लाभ के लिए विद्यालय की पांच बीघा जमीन को बेच दिया, सर्वथा गलत है ।
बताते चलें कि पिछले दिनों अशोक इंटर कॉलेज में अनियमितताओं को लेकर एक खबर तेजी से वायरल हो रही थी जिसमें बताया जा रहा था कि अशोक इंटर कॉलेज के प्रबंधक अशोक सिंह ने कॉलेज की पांच बीघा भूमि को बेच दिया है । जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म है ।
