बबुरी चंदौली। कस्बे के नेशनल पब्लिक स्कूल में सोमवार को वार्षिकोत्सव ‘आगाज’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय सिंह बबलू, ब्लाक प्रमुख चंदौली ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।

वार्षिकोत्सव में छात्र छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य, नाटक और गायन की शानदार झलकियां देखने को मिलीं। स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य “जय हनुमान” को अतिथियों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। लोक नृत्य, फिल्मी गीतों पर नृत्य और समूहगान ने समा बांध दिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि संजय सिंह बबलू ने विद्यालय के बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि “विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकीय ज्ञान से ही संभव नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।” विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण पाठक ने आए हुए अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया । इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सूर्यमुनि तिवारी, शम्भू नाथ, अखिलेश पाठक, आलोक सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक, स्थानीय गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
