रिपोर्ट : अशोक जायसवाल
चन्दौली । चंदौली कचहरी के दर्जनों अधिवक्ता शनिवार को जनपद के डीएम पर महिला वकील के साथ बदसलूकी का आरोप लगाते हुए मुगलसराय तहसील कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गये । डीएम व एसपी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी कार्यालय में काफी देर तक फंसे रहे। वहीं वकील मुख्य गेट को बंद कर धरने पर बैठे रहे ।
आरोप है कि शनिवार को तहसील दिवस के दौरान मुगलसराय तहसील पहुंचे जिलाधिकारी लोगों की फरियाद सुन रहे थे, इसी दौरान महिला अधिवक्ता तहसील संबंधित समस्याओं को लेकर उनसे मिलने पहुंचीं। आरोप है कि जिलाधिकारी ने कुछ कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया जिससे महिला वकील आहत हो गई। इस बात की जानकारी जैसे ही महिला अधिवक्ता के साथियों को हुई, उन्होंने मुख्य गेट को बंद कर वही धरने पर बैठ गये । इस दौरान तहसील कार्यालय में गहमागहमी का माहौल बन गया । वकील डीएम द्वारा माफी मांगे जाने की मांग पर अड़ गए। बाद में एडीएम ने वकीलों से घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा दिलाया, इसके बाद अधिवक्ता माने ।
