चंदौली । इस स्वतंत्रता दिवस, आजादी का 75 वा वर्षगांठ मनाने के लिए जो उत्साह स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों तक में देखा गया वैसा आज तक किसी ने नहीं देखा था । सरकारी भवनों से लेकर निजी मकानों तक लोगों ने तिरंगा फहरा कर अपनी देशभक्ति जाहिर की , वही प्रशासन से लेकर स्कूलों तथा नागरिकों ने सैकड़ों की संख्या में तिरंगा रैली निकालकर घंटों तक भ्रमण किया । ऐसा उत्साह मानो आज ही स्वतंत्र हुए हो । आइए , चंदौली के हृदय स्थल बबुरी क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस की झलकियों से आपको रूबरू कराते हैं । 


विन्ध्य वैली पब्लिक स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मोहा मन 
कस्बे के विन्ध्य वैली पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लाष के साथ मनाया गया । सबसे पहले स्कूल के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाल कर क्षेत्र का भ्रमण किया । विंध्य वैली पब्लिक स्कूल में  मुख्य अतिथि प्रो० ए एन राय (पूर्व कुलपति  केंद्रीय विश्वविद्यालय शिलांग मेघालय और केन्द्रीय विश्व विद्यालय मिजोरम तथा पूर्व निदेशक नैक ) ने ध्ववजारोहण किया । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया । स्कूल के बच्चों ने आजादी से संबंधित विषयों पर नाटक व गीत प्रस्तुत कर लोगों को भाव विभोर कर दिया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ए एन राय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत लोगों ने बलिदान दिया था तब जाकर 15 अगस्त को हमारा देश आजाद हुआ । हमें अपनी आज़ादी की कीमत को समझना होगा तभी स्वतंत्रता की सार्थकता सिद्ध हो सकती है । शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कारों का भी उद्भव होना अति आवश्यक है ,तभी देश को एक अच्छे नागरिक मिल पाएंगे । इस कार्य में विंध्य वैली पब्लिक स्कूल परिवार अपना संपूर्ण योगदान दे रहा है । इस मौके पर प्रबंधक डॉ मनोज सिंह ,विशिष्ट अतिथि विधायक एवं मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार रविंद्र जायसवाल ,राजेश सिंह ,दीपक सिंह ,हरे कृष्ण सिंह आदि मौजूद रहे ।

राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में बच्चों ने मार्च पास्ट कर दी तिरंगे को सलामी

 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के मवैया गांव स्थित राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया । बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थानाध्यक्ष बबुरी अतुल कुमार तथा विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर शाहीद अली  ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी । बच्चों ने ध्वजारोहण के बाद झंडा गीत गाकर राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया । स्कूल के बच्चों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी । स्वतंत्रा दिवस को आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी । इस मौके पर डायरेक्टर डॉ शाहिद अली ने आजादी के वीर सपूतों के बलिदानों को याद करते हुए बच्चों को उनके कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने के लिए अपील की । इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि राधेश्याम द्विवेदी ने कहा कि भारत की आजादी के लिए देश के क्रांतिकारियों ने असंख्य बलिदान दिए हैं । हम सभी को अपने देश की अखंडता तथा प्रभुता पर गर्व होना चाहिए तथा हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश के सम्मान में सदैव शीश न्योछावर करने के लिए तैयार रहना चाहिए । इस मौके पर एमडी शाह आलम अंजुम आरा डॉक्टर सबीना शाहिद वारसी प्रधानाचार्य आशीष भट्टाचार्य उप प्राचार्य रामनिवास आदि मौजूद रहे ।

कैंब्रिज कन्वेंट स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से किया मंत्रमुग्ध

कस्बे के कैंब्रिज कान्वेंट स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों तथा विद्यालय परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला । विद्यालय की प्रधानाचार्य सोना जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया । कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया । आजादी के गीतों पर थिरकते नौनिहाल मनमोहक ड्रेस पहने हर किसी को बरबस ही सम्मोहित कर रहे थे । कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य सोना जायसवाल ने कहा कि देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले बलिदानी सदैव अमर रहेंगे । उन्हें हम सच्ची श्रद्धांजलि तभी दे पाएंगे जब हम एक अच्छे नागरिक के रूप में अपने व्यक्तित्व का विकास कर देश सेवा के लिए तैयार होंगे । इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का पुट भी बच्चों के अंदर संप्रेषित करना होगा । हमें देश सेवा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए । इस मौके पर प्रबंधक राजकुमार जायसवाल ने कहा कि हमारे देश में अनेक मनीषियों ने जन्म लिया है ,इसलिए हमारा देश विश्व गुरु कहा जाता है । इस देश को अंग्रेजी शासकों से आजाद कराने के लिए भगत सिंह ,चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस जैसे करोड़ों देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी है । इसलिए हमें अपने देश की आजादी का महत्व समझना होगा , हमारे लिए देश सर्वोपरि होना चाहिए ।


यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में निकली प्रभात फेरी

यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सूर्यमुनि त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया । इसके पहले विद्यालय के बच्चों ने प्रभात फेरी वह तिरंगा यात्रा निकालकर पूरे बाजार का भ्रमण किया । इस मौके पर प्रबंधक सूर्यमुनि  तिवारी ने कहा कि इस तिरंगे की शान के लिए देश के अनेक सपूतों ने अपने जीवन को बलिदान कर दिया है । आजादी के 75 वे वर्ष में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है । यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि इस बार पूरे देश में प्रत्येक घरों पर हमारा राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा है । हमें इसकी रक्षा के लिए जीवन पर्यंत दृढ़ संकल्पित होना चाहिए । इस मौके पर अरविंद त्रिपाठी राजकुमार तिवारी आदि मौजूद रहे ।

नेशनल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से बांधा समा
कस्बे के नेशनल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार पाठक ने ध्वजारोहण कर तिरंगा ध्वज को सैल्यूट किया । तत्पश्चात बच्चों ने राष्ट्रगान व  झंडा गीत गाकर राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया । सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया । संस्कृतिक कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए देश भक्ति नारे लगाए ।

शेयर करे

By AVP

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *