चंदौली । बबुरी कस्बे के बस स्टैंड के पास कुड़े के ढेर को देखकर चार महीने जिलाधिकारी चंदौली ने नाराजगी जताते हुए तत्काल उस स्थान की सफाई का कड़ा निर्देश दिया था, विभागीय लापरवाही के कारण वह स्थान इस समय और भी बड़े कूड़े के ढेर में बदल चुका है । कुड़े से उठते बदबू से आस पास के लोगों का रहना दुश्वार है । कस्बे के आस पास कई जगहों पर जमा कूडे़ के विशाल ढेर इस बात को साबित करते हैं कि स्वच्छता जागरूकता के लिए शासन द्वारा चलाए गए ‘संचारी रोग नियंत्रण माह’, ‘स्वच्छता पखवाड़ा’, ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम’, बबुरी क्षेत्र में फेल हो कर रह गए हैं । बता दे कि बीते 28 जून को जिलाधिकारी चंदौली निखिल टी फुंडे ने बबुरी में निर्माणाधीन अस्पताल व आयुर्वेदिक चिकित्सालय के दौरे के दौरान बबुरी बस स्टैंड के पास सड़क के किनारे भारी मात्रा में जमा कूड़ा करकट को देखकर नाराजगी जाहिर करते हुए ग्राम प्रधान को तत्काल साफ सफाई का निर्देश दिया था । इसको लेकर उन्होने आस पास के दुकानदारों तथा वैवाहिक लान मालिकों को भी फटकार लगाई थी , लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी कुडे़ के ढेर की सफाई नहीं हुई ।
क्या कहते हैं अधिकारी——
इस संबंध में डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे ने बताया कि उस क्षेत्र के शहरीकरण होने के कारण सभी घरों के कूड़े उसी स्थान पर फेंके जा रहे हैं । जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के बाद सफाई कराई गई थी । यदि फिर से उस स्थान पर कूड़ा जमा हो रहा है तो ग्राम प्रधान व सचिव को निर्देशित कर कूड़े का निस्तारण कराया जाएगा ।
