
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की पहचान वैसे तो धान के कटोरे के रूप में है, लेकिन इसके अलावा इस जिले के तमाम क्षेत्र ऐसे हैं जो अपनी ऐतिहासिकता के लिए जाने जाते हैं । उसी कड़ी में नाम आता है बबुरी क्षेत्र का, जिसका कण कण अपने आप में तमाम ऐतिहासिकता को छिपाए हुए हैं आइए देखते हैं सत्य प्रकाश सत्या की खोजी रिपोर्ट ।
चंदौली । काशी के पूर्वी छोर पर बसा चंदौली अपने आप में अनमोल ऐतिहासिक विशेषता रखता है, इसके कण-कण में इतिहास के कितने पन्ने दफन हैं यह कह पाना मुश्किल है। चंदौली जनपद के बबुरी क्षेत्र में कई दशक से खुदाइयों में मिलने वाली पुरातात्विक धरोहर इसकी प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। यहां से निकली धरोहर कहीं अपनी महत्ता के कारण मंदिरों में विराजमान हैं तो कहीं उपेक्षित सी पेड़ पौधों के बीच धूल धूसरित हैं। अगर बबुरी की ऐतिहासिकता की चर्चा की जाए तो किवदन्तिया बताती है कि बबुरी राजा बब्रुवाहन की राजधानी हुआ करती थी। उन्हीं के नाम पर इस जगह का नाम बबुरी पड़ा। राजा बब्रुवाहन की कुलदेवी मां बागेश्वरी का ऐतिहासिक सिद्धपीठ मंदिर आज भी क्षेत्रीय लोगों के लिए आस्था और शक्ति पुंज का केन्द्र है। सत्रहवीं शताब्दी में देश के महान विद्वान नागेश भट्ट ने इसी मंदिर में कठिन तपस्या कर सिद्धियां प्राप्त की थीं। इस मंदिर प्रांगण के किनारों पर राजा बब्रुवाहन के ऐतिहासिक राजशाही टीले होते थे, जिन्हें कोट के नाम से जाना जाता था। आज उसी कोट की भूमि पर पुराने थाने से लेकर मंदिर प्रांगण तक तमाम बस्तियां बसी हुई हैं। राजा बब्रुवाहन के काल का कोट मंदिर बबुरी के कुम्हार बस्ती में और ऐतिहासिक कुआं आज भी मंदिर परिसर में विद्यमान है। गांव के पुरनिए बताते है कि बबुरी में ही आल्हा ने राजा बब्रुवाहन से युद्ध कर अपने भाईउदल को उसके कैद से मुक्त कराया था।
डवक गाँव स्थित पुरातात्विक विशालकाय शिवलिंग
बबुरी क्षेत्र की मिट्टी के गर्भ में कितने ही रहस्य हैं जो आज भी दफन हैं। खुदाइयों के दौरान ऐसे रहस्यों से जब पर्दा उठता है तो लोग अकस्मात ही इस क्षेत्र की दिव्यता के आगे नतमस्तक हो जाते हैं। सैकड़ों वर्ष पहले बबुरी क्षेत्र हटिया गांव में खेत की जुताई के दौरान हनुमान जी की मूर्ति मिली थीं,जहां श्रद्धालुओं ने एक भव्य मंदिर का निर्माण कर मूर्ति को स्थापित किया। डवक गाव के बीच खेत में ऐसी ही परिस्थितियों में भगवान शिव का एक विशाल शिवलिंग प्राप्त हुआ जहां आज भी भगवान शिव के दर्शन पूजन के लिए भक्तों का तांता लगता है। इसी क्रम में पसही गांव में भी एक स्वंभू शिवलिंग सैकड़ो साल पहले प्रकाश में आया था, जहां आज एकभव्य शिवालय स्थापित है। बबुरी के तालाब के पास भी एक स्वयंभू देवी प्रतिमा मां कालिका जी नाम से मंदिर में स्थापित है। इन सभी प्रतिमाओं के प्रति क्षेत्रवासियों की अटूट श्रद्धा है। इसके अलावा डवक गांव में एक मोबाइल टावर के निर्माण के लिए खुदाई के दौरान दर्जनों नर कंकालो के अवशेष मिले थे, जो पुरातत्व विभाग के अनुसार सैकड़ों वर्ष पहलेके थे। खुदाई में इन कंकालो के साथ ही मिट्टी के बर्तन भी मिले जो कि पुरातात्विक काल के बताए जाते हैं। कुछ वर्ष पहले बरसात के दौरान बाजार में एक सड़क धंस गई। देखे जाने पर वहां एक छोटे व्यास का पक्का गहरा कुआ पाया गया, जबकि गांव के बुजुर्गों ने अपनी जानकारी में कभी भी वहां किसी कुएं के होने से इनकार किया।
खंडित मूर्तियां कहती हैं अपनी भव्यता की कहानी
नगई गांव के सिवान में मूर्तियाँ 
खुदाइयों में अखण्डित प्रतिमाओं को जहां आस्था मिली, वहीं खण्डित मूर्तियां कहीं दीवालों के सहारे तो कहीं वृक्षों के नीचे उपेक्षित पड़ी हुई हैं। क्षेत्र के नगई गांव में एक मंदिर के चारदीवारी के बाहर भगवान विष्णु की आदम कद प्रतिमा गले के पास से खण्डित अवस्था में पड़ी हुई है। पास ही एक विशालकाय शिवलिंग और कई खण्डित प्रतिमाएं विखरी पड़ी है। इसी तरह क्षेत्र के चित्तौड़ी गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे भगवान विष्णु की ही कमर तक की टूटी मूर्ति और साथ ही आधा दर्जन भव्य मूर्तियों के अवशेष पड़े हुए हैं। इन मूर्तियों की नक्काशियां मूर्तिकारों की सिद्धहस्तता का परिचय देती है। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह क्षेत्र काशी की प्रसिद्ध पंचकोशी यात्रा में आता है।
बबुरी क्षेत्र में दर्शनीय पुरातात्विक मूर्ति अवशेष







