चंदौली । चंदौली जनपद के बबुरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिचरण राम को उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 के लिए चयनित किया गया है। इस चयन से परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। पूरे प्रदेश से 66 शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया जाना है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बबुरी की स्थापना वर्ष 1919 में हुई थी। वर्ष 2017 से प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत हरिचरण राम ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, खेलकूद एवं भौतिक परिवेश में उल्लेखनीय सुधार किया। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
विद्यालय की विशेष उपलब्धियों में इस वर्ष 20 बच्चों का राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन प्रमुख है, जिसके आधार पर विद्यालय ने प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विद्यालय के बच्चे बीते छह वर्षों से लगातार प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। पिछले वर्ष विद्यालय को गोल्ड मेडल और इस वर्ष सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ है।विद्यालय में उच्च स्तरीय सुविधाओं के रूप में पुस्तकालय, दो स्मार्ट क्लास, लर्निंग बाय डूइंग लैब, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशाला तथा कम्प्यूटर कक्ष संचालित हैं। हर वर्ष विज्ञान दिवस पर विद्यालय स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की जाती है, जिसमें बच्चों द्वारा उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए जाते हैं। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान में भी विद्यालय के बच्चों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। वर्ष 2025 की प्रतियोगिता में विद्यालय के एक बच्चे को पुरस्कार स्वरूप स्मार्टफोन प्राप्त हुआ। वहीं, इस वर्ष की राष्ट्रीय अविष्कार अभियान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान भी इसी विद्यालय के बच्चों ने प्राप्त किया है। विद्यालय की इन्हीं उपलब्धियों और प्रधानाध्यापक हरिचरण राम के प्रयासों को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 के लिए चुना गया है। इस सम्मान से पूरे जनपद के परिषदीय शिक्षक गौरवान्वित महसूस कर रहे है ।
